भिवानी। पहले से गिरवी रखी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर अलग-अलग बैंकों से किसान क्रेडिट कार्ड योजना में धोखाधड़ी से लोन लेने के मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर पुलिस थाना में मुंढाल खुर्द निवासी सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक शाखा मुंढाल खुर्द के प्रबंधक मंदीप ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने धोखाधड़ी से फर्जी दस्तावेज जमा कराकर बैंक से लाखों का लोन ले लिया।
मंदीप ने बताया कि मुंढाल के रामअवतार ने बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड पर 11 लाख 18 हजार रुपये, डेबिट स्वैप सुविधा के जरिये एक लाख रुपये और कोम्बो लोन के तीन लाख रुपये बैंक से लिए हैं। वहीं मुंढाल कलां के योगेश ने भी बैंक में पटवारी के हस्ताक्षर कराकर फर्जी रिकाॅर्ड जमा कराया। इसी तरह गांव के अन्य लोगों ने भी फर्जी दस्तावेज के सहारे लाखों रुपये का लोन बैंक से ले लिया। इस फर्जीवाड़े का खुलासा बैंक रिकॉर्ड की जांच के उपरांत हुआ। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर पुलिस ने गांव मुंढाल निवासी रामअवतार, योगेश, सुनीता, मनोज, रणबीर, रामफल व अमित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। संवाद