भिवानी। चौधरी बंसीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान भिवानी में लेटरल एंट्री स्कीम और नियमित तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स के तहत दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस शैक्षणिक सत्र में संस्थान में कुल 360 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे।
संस्थान की प्राचार्य डॉ. गीता गुलिया ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जा रही है। विद्यार्थियों को मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। संस्थान में चल रहे सात कोर्सों में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, फूड टेक्नोलॉजी, फैशन टेक्नोलॉजी, इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग और फैशन डिजाइन शामिल हैं। इनमें से हर एक कोर्स में 60 सीटें, जबकि दो में 30-30 सीटें निर्धारित हैं।
डिप्लोमा के बाद रोजगार के बेहतर अवसर
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान से डिप्लोमा करने वाले विद्यार्थियों के लिए सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर हैं। संस्थान में हर साल कैम्पस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाती है, जिसमें कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेती हैं।
लेटरल एंट्री में जरूरी होंगे ये दस्तावेज
लेटरल एंट्री स्कीम के तहत प्रवेश लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक की प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संस्थान की एडमिशन ब्रांच में संपर्क करना होगा। संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों के लिए स्कॉलरशिप योजनाएं उपलब्ध हैं, वहीं छात्राओं को ट्यूशन फीस से छूट भी दी जाती है।
वर्जन:
महाविद्यालय में लेटरल एंट्री के तहत विद्यार्थियों को दाखिले दिए जा रहे हैं। संस्थान में 7 कोर्सों की 360 सीटों पर दाखिले होंगे। इच्छुक विद्यार्थी समय पर आवेदन करें।
- डॉ. गीता गुलिया, प्राचार्य, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, भिवानी।