जमीनी विवाद को लेकर गांव पालुवास के दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस घटना में एक पक्ष से महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।
अस्पताल में उपचाराधीन गांव पालुवास निवासी राकेश ने बताया कि उनका दूसरे पक्ष के लोगों के साथ जमीनी विवाद चला आ रहा है। जिसका मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। रविवार सुबह करीब सात बजे वह अपने घर पर परिवार के साथ बैठा हुआ था कि अचानक दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर उनके ऊपर लाठी-डंडो व जेली से हमला कर दिया। इस घटना में उसके पिता ओमपाल, मां शंकुतला, भाई प्रवीण, भतीजा हिमांशु व खुद भी घायल हो गया। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके पिता के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। इससे उसके पिता के सिर पर गंभीर चोट आई। गंभीर अवस्था में सभी को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ओमपाल को चिकित्सकों ने रोहतक रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।