भिवानी : प्रदीप अपनी चोट दिखाता हुआ।
भिवानी। बवानीखेड़ा निवासी एक आर्मी के जवान ने पुलिस पर बेवजह घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। आर्मी के जवान ने बताया कि इस मारपीट में वह, उसका भाई रवि और मां कविता को चोटें पहुंची हैं। तीनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, इस मामले में पुलिस का कहना है कि किसी के साथ बेवजह मारपीट नहीं की गई। बवानीखेड़ा के वार्ड-दो में दो पक्षों के बीच झगड़े के दौरान वहां मौजूद लोगों को मौके से दूर किया जा रहा था। इस दौरान पुलिसकर्मियों की लोगों के साथ बहस हुई। फिलहाल इस मामले में घायल आर्मी के जवान प्रदीप ने पुलिस को मारपीट के बयान दर्ज करवाएं हैं। समाचार लिखे जाने तक कोई केस दर्ज नहीं हुआ था।
बवानीखेड़ा के वार्ड दो निवासी प्रदीप ने बताया कि वह बॉक्सिंग खेलता है। खेल की तरफ से ही वह 2018 में आर्मी में भर्ती हुआ था। फिलहाल वह लांस नायक के पद पर तैनात है और उसकी पोस्टिंग पटियाला में है। लेकिन खेलों की तैयारी के लिए वह पिछले कुछ समय से रोहतक आया हुआ है। जबकि करीब दो सप्ताह पहले ही वह अपना घर बनाने के लिए एक माह की छुट्टी लेकर आया है। उनके नवनिर्मित मकान के पड़ोस में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रखा था। उसी दौरान पुलिस आई और करीब 10 से 15 पुलिसकर्मी, कुछ वर्दी और कुछ सिविल ड्रेस में उनके घर में घुस गए और उनके साथ मारपीट की।
ये कहना है पुलिस का
बवानीखेड़ा पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्रीभगवान ने बताया कि शनिवार को बवानीखेड़ा के वार्ड दो में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। झगड़े करने वाले पत्थरबाजी कर रहे थे। इसलिए मौके पर मौजूद भीड़ को खदेड़ने के लिए अपना-अपना काम करने को कहा। उसी दौरान पुलिसकर्मियों की कुछ लोगों के साथ कहासुनी हुई। लेकिन पुलिस कर्मियों ने घर में घुसकर बेवजह किसी के साथ मारपीट नहीं की।