भिवानी। हरियाणा रोडवेज विभाग के सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर के सेक्टर 23 स्थित घर से चोर रविवार की रात के समय करीब छह लाख की नकदी और दो लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर घर में रखीं दो लाइसेंसी गन और 209 कारतूस भी चोरी कर ले गए। इस वारदात को इतनी बारीकी से अंजाम दिया गया कि घर में ही सो रहे परिवार के सदस्यों को इस बारे में कोई आभास भी नहीं हुआ।
पीड़ित ने इस बारे में सुबह पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच की और अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित धनसिंह ने बताया कि वह हरियाणा रोडवेज विभाग में इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त है। उसके दो बेटे हैं और दोनों फौज में कार्यरत हैं। उसकी दोनों पुत्रवधू अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई है। गत 18 जून को वह अपनी पत्नी के साथ घर के अगले हिस्से वाले कमरे में सो गए। सुबह उठे तो रसाेई का दरवाजा खुला हुआ था और दरवाजे की जाली और चिटकनी टूटी हुई थी। इसके अलावा घर में रखी अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। जब उन्होंने सामान को चेक किया तो अलमारी में रखी हुई करीब छह लाख रुपये की नकदी, सोने के आभूषण नहीं मिले। इसके अलावा घर में रखीं लाइसेंसी दो गन व 209 जिंदा कारतूस भी नहीं मिले। इस बारे में उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया। पुलिस ने मौके की जांच की और शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस चोर की तलाश में जुट गई है।