भिवानी। गांव धारेडु में मकान के विवाद को लेकर हुए झगड़े से आहत मजदूर ने घर पर ही फंदा लगा कर जान दे दी। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने भाई, बहन, बहन के बच्चों पर तंग करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर सुसाइड नोट में जिनके नाम हैं, उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
मामला रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे का है। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव धारेडु निवासी मानसिंह ने बताया कि वह 11वीं कक्षा में पढ़ता है। उसका पिता नरेश मजदूरी करता था। उसके पिता तीन भाई हैं, जिनमें बड़ा भाई रामभगत और छोटा भाई जोगिंद्र है। उसका चाचा जोगिंद्र हांसी में रहता है जोकि अविवाहित है। वह हांसी बस स्टैंड पर बसों में बाल्टी से दाल बेचता है। मानसिंह ने बताया कि उसका ताऊ रामभगत और वो अलग-अलग मकान में रहते हैं। उसके चाचा जोगिंद्र के मकान में करीब तीन साल से भैंस बांधते हैं। जिस मकान को खाली करवाने को लेकर करीब छह महीने से उसके चाचा जोगिंद्र, बुआ के लड़के सोनू, अशोक, संदीप और ताऊ रामभगत के बीच में विवाद चल रहा है। शनिवार दोपहर में उसका चाचा जोगिंद्र, सोनू, अशोक, संदीप, विनोद, अजीत, बिजेंद्र, अनीता, रामभगत उनके घर पर आए और झगड़ा करके मकान खाली करवाने को लेकर दबाव बनाने लगे। मानसिंह ने बताया कि उसका पिता नरेश मानसिक रूप से परेशान हो गया और रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उपरोक्त आरोपियों के दबाव में आकर घर पर ही फंदा लगा कर जान दे दी। मृत नरेश का सुसाइड नोट भी मिला है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे।
ये लिखा है सुसाइड नोट में
मैं नरेश पुत्र किताब सिंह मैं अपने होश हवास में यह लिख रहा हूं कि मैं अपनी बहन मुन्नी और उसके तीन लड़के अशोक, संदीप, सोनू और सोनू का साला विजेंद्र और सोनू का दोस्त अजीत और मेरे मामा जी का लड़का विनोद और मेरा बड़ा भाई रामभगत और मेरी भाभी अनीता और मेरा छोटा भाई जोगिंदर इन सभी ने कई दिनों से परेशान कर रखा है। इन सबसे परेशान होकर मैं अपने आपको फांसी लगा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार यह सभी लोग हैं। - नरेश
वर्जन::
गांव धारेडु निवासी नरेश ने फंदा लगा कर जान दे दी। जांच के दौरान मृतक की पैंट की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है। इस संबंध में मृतक के बेटे मानसिंह के बयान पर आठ-नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। रविवार दोपहर में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
- विरेंद्र सिंह, डीएसपी।