बवानीखेड़ा(भिवानी)। गांव जाटू लोहारी के पास बन रहे भिवानी-हांसी बाईपास मार्ग पर फ्लाई ओवर के ऊपर शुक्रवार एक रोड रोलर के नीचे आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर रोड रोलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस में दी गई लिखित शिकायत में मृतक के बेटे वीरू ने बताया कि वह और उसका पिता भैया लाल अपने गांव गोहानी जिला छतरपुर मध्यप्रदेश से मेहनत मजदूरी करने के लिए भिवानी आए थे। प्रदीप ठेकेदार जो गावड़ कंपनी में कार्य कर रहा है। उसने उन दोनों पिता-पुत्रों की ड्यूटी जाटू लोहारी के नजदीक बन रहे रोड पर लगाई हुई थी।
इसी के चलते शुक्रवार दोपहर लगभग 11:30 बजे उसका पिता फ्लाई ओवर के ऊपर रोड रोलर के पास आराम कर रहा था लेकिन रोड रोलर के चालक जिनेश राम ने बिना देखे रोड रोलर को चला दिया। इससे उसका पिता रोड रोलर के नीचे आ गया और वही उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसे लेकर भिवानी नागरिक अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि भिवानी कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि जाटू लोहारी गांव के नजदीक एक एक्सीडेंट हो गया है। जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने भिवानी नागरिक अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई कर पोस्टमार्टम करवाकर उसके बेटे को सौंप दिया तथा मृतक के बेटे के बयान पर रोड रोलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।