बवानीखेड़ा। अखिल भारतीय किसान सभा बवानीखेड़ा तहसील कमेटी ने विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान कई गांवों में बारिश से ड्रेन टूटने व नहरे ओवरफ्लो होने से जलभराव की शीघ्र निकासी, क्षति पूर्ति पोर्टल खोलने, विशेष गिरदावरी कराते हुए एक लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने, पशुओं के लिए चारे का प्रबंध करने की मांगें उठाईं। इसके बाद विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि के निवास पर जाकर किसान उनसे मिले और ज्ञापन दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश व ब्लाक प्रधान रामोतार बलियाली ने शीघ्र पूरा करने की गुहार लगाई।
इनके अलावा उन्होंने जलभराव के कारण पीडि़त किसान मजदूरों के मकानों का भी मुआवजा देने तथा मजदूरों की दिहाड़ी मरने पर उनको भी मुआवजा देने तथा सभी प्रभावित गांव में 100 दिन का 600 रुपये प्रतिदिन दिहाड़ी देकर मनरेगा के तहत काम लगवाने, किसानों को डीएपी खाद, यूरिया देने, बढ़े बिजली रेट व खाद्य तेल दाम वापिस करवाने की मांग की गई। विधायक ने किसानों की मांगें पूरी करवाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर किसान नेता राजेश कुंगड़, वेद प्रकाश खेड़ी, स्नेहलता, शीला बलियाली, हनुमान रोहिल्ला, रामधारी यादव, सुधीर सांगवान, घुसकानी से सतबीर शामिल रहे।