42 लक्ष्य के अपरहण मामलें में पुलिस कार्रवाई करवाने की शिकायत दर्ज करवाने जाते हुए उसके परिजन।
- फोटो : Bhiwani
दिनदहाड़े किशोर के अपहरण की साजिश पड़ोसियों की सजगता से नाकाम हो गई। किशोर के चीख सुनकर पड़ोसियों के गली में बाहर निकलने से अपर्ह्ताओं के हौसले पस्त हो गए। वहीं, पड़ोसियों को घर से बाहर आता देख किशोर भी अपर्ह्ताओं के चंगुल से खुद को छुड़ाने में सफल रहा। पड़ोसियों को बाहर निकलता देखकर अपहर्ता आनन-फानन में अपनी सफेद रंग की कार से भाग निकले। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
तोशाम रोड शांतिनगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1: 30 बजे उसके पड़ोस में रहने वाले लक्ष्य कुमार को सफेद रंग की वैन में अज्ञात लोगों ने अपहरण करने का प्रयास किया। लक्ष्य यहां अकेले रहता है। उसके पिता गांव कुडल के स्कूल में टीचर हैं और उसकी मां फतेहाबाद में जेबीटी टीचर हैं। लक्ष्य अपने दोस्त सोनू उर्फ नरेंद्र के साथ कहीं जाने की तैयारी कर रहा था। जिस समय वो अपने घर पर ताला लगा रहा था, उसी समय एक सफेद रंग की वैन आकर उनके घर के सामने रुकी। वैन से एक व्यक्ति नीचे उतरा जबकि तीन अन्य लोग उसके भीतर ही बैठे रहे। कार से उतरे युवक ने लक्ष्य का हाथ पकड़ा और अपनी जेब से कुछ निकालकर उसे सुंघाने का प्रयास किया। इस दौरान लक्ष्य का दोस्त सोनू शोर मचाने लगा जबकि लक्ष्य अपना हाथ छुड़ाकर भाग खड़ा हुआ। भागते समय गली के नुक्कड़ पर वह गिरकर चोटिल हो गया। सोनू के चिल्लाने पर आसपास के लोग जुट गए। इस दौरान अपर्ह्ता अपनी कार से भाग खड़े हुए। लक्ष्य ने लोगों को इस घटना के बारे में बताया तो पड़ोसी सुरेश कुमार ने सदर पुलिस थाने में पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। वहीं पुलिस अब अपहरण का प्रयास करने के मामले में तहकीकात में जुटी है।