भिवानी। बवानीखेड़ा में कमल ने कमाल कर दिया। वहीं लोहारू और सिवानी में अब जीत के बाद निर्दलीय भाजपा के ट्रिपल इंजन से जुड़ छोटी सरकार चलाने की तैयारी में हैं। लोहारू नपा में अध्यक्ष चुने गए प्रदीप कुमार पूर्व कृषिमंत्री जेपी दलाल के नजदीकी हैं, ऐसे में पार्टी के कद्दावर नेता की नजदीकियां उन्हें पार्टी से जोड़ सकती हैं। फिलहाल सिवानी नपा चेयरपर्सन चुनी गई वंदना केडिया के पति भी भाजपा के ट्रिपल इंजन सरकार को खुद का हिस्सा बताकर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं।
भिवानी जिले की तीन नपा चुनाव की सियासत की बात करें तो भले ही भाजपा ने बवानीखेड़ा में पार्टी सिंबल पर उम्मीदवार उतार जिताया है, जबकि लोहारू और सिवानी में निर्दलीय उम्मीदवार भी भाजपा समर्थित हैं। खास बात यह भी है कि दिल्ली की हार के बाद हरियाणा के नपा चुनाव में भी आप का जनाधार खिसक चुका है। लोहारू और सिवानी नपा अध्यक्ष पद के दावेदार में आम आदमी पार्टी के दो प्रत्याशी तो 200 वोट का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। जबकि बवानीखेड़ा अध्यक्ष पद के चार, लोहारू में दो और सिवानी में एक प्रत्याशी नोटा से भी कम वोट ही हासिल कर पाए हैं।
बवानीखेड़ा नगर पालिका में भाजपा के सुंदर अत्री 5202 मत लेकर विजयी रहे हैं। उप विजेता पंकज मेहता को 3817 वोट मिले। सुंदर अत्री ने 1385 मतों के अंदर से जीत दर्ज की है। इसी तरह लोहारू में निर्दलीय प्रदीप पंवार को 1459 मत मिले जबकि उप विजेता रामभगत को 1416 मत मिले। महज 43 वोट के मामूली अंतर से प्रदीप कुमार अपनी जीत दर्ज कर पाए हैं। सिवानी नपा चेयरपर्सन की दौड़ में वंदना केडिया को 5277 वोट मिले, उप विजेता अनु लोहिया को 4026 वोट मिले। यहां 1291 मतों के अंदर से वंदना केडिया जीत दर्ज कर पाई हैं। लोहारू में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुरेश सिंह को महज 126 वोट मिले हैं। इसी तरह सिवानी में आप के उम्मीदवार मणी को 182 वोट ही मिले हैं।
नोटा से भी पिछड़ गए अध्यक्ष पद के दावेदार
बवानीखेड़ा नपा में अध्यक्ष पद के दावेदार नोटा से भी पिछड़ गए। बवानीखेड़ा में नोटा पर 83 वोट पड़े। इसमें रमेश कुमार को 74, महेश कुमार को 68, संजय कुमार को 37 और सतपाल मुंजाल को मात्र 16 वोट मिले हैं। यही हाल लोहारू में रहा। लोहारू में नोटा पर 79 वोट डले। अध्यक्ष पद के दावेदार मंजीत को 57 और राम सिंह को 42 वोट मिले। सिवानी नपा में अध्यक्ष पद के दावेदार तरनुम अग्रवाल को 61 वोट मिले। सिवानी में नोटा पर 74 वोट डाले गए।
खेल स्टेडियम का निर्माण रहेगी प्राथमिकता : सुंदर अत्री
बवानीखेड़ा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुंदर अत्री का कहना है कि उनकी प्राथमिकता खेल प्रतिभाओं के लिए खेल स्टेडियम निर्माण कराना रहेगी। इसी के साथ कस्बा में रेल अंडरपास निर्माण कराया जाएगा। इसी के साथ कस्बा की बदहाल सीवर व्यवस्था को सुधारा जाएगा और लोगों को समुचित पेयजल मुहैया कराया जाएगा। कस्बा के सुंदरीकरण का काम भी पहले फेज में ही कराएंगे।
सफाई व्यवस्था में सुधार और अतिक्रमण से दिलाएंगे मुक्ति : प्रदीप कुमार
लोहारू नपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप कुमार का कहना है कि उनकी प्राथमिकता सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराना और अतिक्रमण से मुक्ति दिलाना है। कस्बा में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा। इसमें सभी का सहयोग लेकर काम करेंगे।
ट्रिपल इंजन की सरकार चलाएंगे: वंदना केडिया
सिवानी नपा से नवनिर्वाचित चेयरपर्सन वंदना केडिया ने बताया कि भाजपा के ट्रिपल इंजन की सरकार चलाएंगे और कस्बे का विकास कराएंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सिवानी और स्वस्थ सिवानी के नारे को साकार करना प्राथमिकता रहेगी। जलभराव की समस्या से लोगों को निजात दिलाएंगे। जोहड़ को झील का रूप दिया जाएगा।