भिवानी के भीम स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह की तैयारियों का जायजा लेते सांस
भिवानी। भीम स्टेडियम में 30 अक्तूबर को होने वाले राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में कबड्डी टीमों की महिला खिलाड़ियों को स्कूटी और दौड़ के विजेताओं को बाइक दी जाएंगी। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने समारोह की तैयारियों का जायजा लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
सांसद ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह में एशियन और पैरा एशियन गेम्स के विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों को करीब 185 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देंगे। हरियाणा और पंजाब की महिला खिलाड़ियों के बीच सर्कल कबड्डी मुकाबला होगा। इसके अलावा वेटरन महिला और पुरुष खिलाड़ियों की दौड़ भी करवाई जाएगी।
सांसद ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एशियन और पैरा एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया है। यह आयोजन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। स्कूटी और बाइक धर्मसेना की ओर से पुरस्कार स्वरूप दी जाएंगी। निरीक्षण के दौरान डीसी साहिल गुप्ता, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, नगराधीश अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, सुधीर चांदवास और पंकज कौशिक मौजूद रहे।