तोशाम। गांव ईशरवाल में शुक्रवार रात खेतों में बने मकान से चोर संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पीड़ित सुरेंद्र की शिकायत पर तोशाम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर शनिवार को जांच शुरू की और मौके से साक्ष्य जुटाए।
सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि झुप्पा मार्ग पर खेतों में बने मकान में वह परिवार के साथ रहता है और खेतीबाड़ी के अलावा खल-बिनौला का कारोबार करता है। शुक्रवार रात करीब 12 बजे परिवार के कुछ सदस्य जाग रहे थे जबकि कुछ बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। शनिवार सुबह पांच बजे उसके पिता उठे तो मकान का दरवाजा खुला मिला।
अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। परिवार के अन्य सदस्यों को जगाने के बाद मकान में रखे दो संदूक खंगाले गए तो उनमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और 12 हजार रुपये गायब मिले। पीड़ित को आशंका है कि चोर मकान के पिछले हिस्से से अंदर घुसे और वारदात के बाद उसी रास्ते से भाग गए।
घर में सो रहे किसी सदस्य को चोरी की भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने पर तोशाम पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया। पुलिस ने मौके से चोरों के पैरों के निशान समेत अन्य साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी गई है।