भिवानी। जूई नहर में डूबे किशोर को तलाशने के लिए पानी बंद नहीं होने से गुस्साए क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार सुबह 10 बजे तोशाम बाईपास पर डाबर जलघर के पास 4 घंटे जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने सिंचाई विभाग अधिकारियों पर अनुरोध के बावजूद नहर में पानी बंद नहीं कराने पर आक्रोश जताया। वहीं जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी हेडक्वार्टर रमेश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मौके पर ही सिंचाई विभाग अधिकारियों से बात कर नहर में पानी बंद कराने का अनुरोध किया। उप पुलिस अधीक्षक के आश्वासन पर करीब दो बजे लोगों ने जाम खोला। तोशाम बाईपास पर जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। वहीं यातायात पुलिस ने जाम सुलझाने के लिए मोर्चा संभाला। एनडीआरएफ की टीम भी लगातार तीसरे दिन देर रात तक नहर में सर्च अभियान चलाती रही, मगर डूबे हुए किशोर का कोई सुराग नहीं लगा।
दरअसल रविवार दोपहर तीन बजे चार दोस्तों के साथ घूमने गया 16 वर्षीय अतुल कुमार जूई नहर में पैर फिसलने से डूब गया था। इसके बाद लगातार तीन दिनों से एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। सोमवार को पुलिस प्रशासन ने नहर में पानी बंद कराने का भी सिंचाई विभाग अधिकारियों से अनुरोध किया था, लेकिन मंगलवार को नहर पूरे वेग से बहती रही। इसी से गुस्साए लोगों ने तोशाम बाईपास पर डाबर जलघर के आगे जाम लगा दिया। मंगलवार साढ़े छह बजे एनडीआरएफ ने भी अपना सर्च अभियान रोक दिया। बुधवार को फिर एनडीआरएफ किशोर की तलाश जारी रखेगी। इस दौरान नहर में पानी का स्तर घटने की उम्मीद है।
तीन दिन से परिजनों ने नहीं किया अन्न-पानी ग्रहण
इकलौते बेटे के नहर में डूबने की घटना के बाद से ही परिजनों ने भी अन्न-पानी ग्रहण नहीं किया है। पिता सतबीर ने बेटे की तलाशने की गुहार लगाई है। वहीं उसने बेटे की हत्या की आशंका भी जताई है। मां पूनम पूरी तरह से बदहवास हो गई है। अतुल की बड़ी बहन का भी रो-रो कर बुरा हाल है। कॉलोनी वासी भी किशोर के नहर में डूबने के बाद से ही खुद भी उसकी तलाश में जुटे हैं।
सेल्फी लेने के दौरान फिसला था अतुल का पैर
मंगलवार को सदर पुलिस ने अतुल के चार दोस्तों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे नहर के किनारे बैठे थे कि इसी दौरान अतुल अपने फोन से सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान उसका पैर मिट्टी में फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए दोस्त ने पहले अपनी जैकेट पानी में फेंकी और फिर एक युवक भी पानी में उतरा, मगर नहर में पानी का तेज बहाव था, इसलिए उसे बचाया नहीं जा सका।
एनडीआरएफ की टीम अतुल की तलाश में लगी है। फिलहाल उसका सुराग नहीं लगा है। बुधवार को फिर से एनडीआरएफ किशोर की तलाश जारी रखेगी। फिलहाल अतुल के दोस्तों से पूछताछ में हादसा फोन से नहर किनारे सेल्फी लेने के दौरान हुआ सामने आया है। पुलिस मामले की हर पहलु से जांच में जुटी है।
-मदन एसएचओ सदर पुलिस थाना भिवानी।