जूई। कस्बे में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709-ई पर हर रोज जाम लग रहा है। जाम लगा रहने से राहगीरों के अलावा आमजन भी परेशान हैं। पिछले 10 साल से जाम की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
ऐसा नहीं है कि जाम से निजात के लिए प्रयास नहीं किए गए। जूई थाना के कर्मचारी पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन यातायात इतना ज्यादा हो गया है कि जाम की स्थिति बन ही जाती है। ऊपर से सड़क किनारे खड़े वाहन और रेहड़ी वाले भी समस्या को बढ़ाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। ग्रामीणों की मांग है कि बाईपास बनने से पहले जूई में सड़क मार्ग पर बीच में डिवाइडर बन जाए तो बात बने।
सालों पुरानी मांग पर न जाने कब होगा समाधान
जूई में जाम लगना आम बात हो गई है। निजी वाहनों के चालक वाहनों को सड़क किनारे खड़े कर बजारिया करने वाले व्यवस्था को चौपट करने का काम करते हैं। ग्रामीण भीमसिंह, मांगेराम, सतीश कुमार, बिजेंद्र, बिल्लू लाम्बा बताते हैं कि दो दशक पहले होली के दिनों में इस सड़क पर खुलियां खेलते थे। यातायात बहुत कम था, लेकिन अब सड़क पार करने को 5 मिनट इंतजार करना पड़ता है। अब तो सड़क मार्ग पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर डिवाइडर बन जाए तो कुछ राहत मिलेगी।
जल्द बने बाईपास : बृजेश
जूई निवासी बृजेश ने बताया कि यातायात बहुत ज्यादा बढ़ गया है। जूई में एक बाईपास बनाना बहुत जरूरी है ताकि राहगीरों, दुकानदारों व आमजन को राहत मिल सकती है।
सांसद कर रहे हैं प्रयास : राजेश
जूई बिचली निवासी राजेश लांबा बताते हैं कि गांव की फिलहाल सबसे बड़ी समस्या जाम बन गई है। इसके लिए भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह प्रयास कर रहे हैं। उन्हीं के प्रयास रंग लाएंगे। गांव को समस्या से जल्द निजात मिलेगी।
अब उम्मीद जगी है : महेंद्र
जूई बिचली निवासी महेंद्र सिंह कहते हैं कि वर्तमान में उम्मीद जगी है कि सालों पुरानी ये मांग जल्द पूरी होगी। इसके लिए सांसद धर्मबीर सिंह के पत्र पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। बाईपास बनते ही गांव की सालो पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। लोगों को राहत मिलेगी।