भिवानी। गांव कुसुंभी में शुक्रवार रात को डीसी ने रात्रि ठहराव के तहत अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीसी ने क्रीड विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिवार पहचान में आय की वेरिफिकेशन के लिए संबंधित व्यक्ति के घर तुरंत जाएं। उन्होंने जीएम रोडवेज को निर्देश दिए कि गांव से भिवानी के लिए बस सेवा नियमित रूप से की जाए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न रहे।
इसी तरह डीसी ने बिजली निगम अधिकारियों को बिजली समस्याओं का समाधान करने और ट्रांसफार्मर पर जिओ स्विच लगाने की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव कुसुंभी में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसएसपी सुमित कुमार, एसडीएम महेश कुमार और नगराधीश अनिल कुमार, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू भी मौजूद रहे।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान गांव की राजबाला ने डीसी को गांव की समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने गांव में समुचित बिजली और पेयजल आपूर्ति करवाने, रोडवेज बस सेवा नियमित रूप से करवाने, गांव में ई लाइब्रेरी खुलवाने, स्कूल में बच्चों के बैठने के लिए बेंचों की व्यवस्था करवाने, कबड्डी की नर्सरी शुरू करवाने और कोच की व्यवस्था करवाने, कोहाड़ से मालवास रास्ते को पक्का करवाने, गांव में डीएपी यूरिया खाद के लिए सोसायटी का कार्यालय खुलवाने आदि विभिन्न मांग रखी।
डीसी साहिल गुप्ता ने सभी मांगों को सुना और संबंधित अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल में बेंचों की व्यवस्था के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्राचार्य और डीपीसी को संयुक्त रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान परिवार पहचान पत्र में आय दुरुस्त करने, बिजली लाइनों को ठीक करवाने, प्लाट की पैमाइश करवाने, लाडली योजना का लाभ दिलाने, सौ वर्ग गज के प्लाट दिलवाले, बरसाती पानी की निकासी करवाने, चोरी का सामान बरामद करवाने, सिंचाई के लिए खेतों में नाला बनवाने, ट्यूबवेल पर सोलर सिस्टम लगवाने, दिव्यांग पेंशन बनवाने की समस्याएं रखीं।
इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर तुरंत प्रभाव से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान में कोताही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डीसी गुप्ता के साथ अन्य अधिकारियों ने स्कूल परिसर में झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।