भिवानी। डाडम में पहाड़ खिसकने के मामले में जिला स्तर पर गठित की गई दो टीमों की जांच खनन और खान सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट के कारण अटक गई है। दोनों ही विभागों से रिपोर्ट नहीं आने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। इस मामले में जिला उपायुक्त ने अतिरिक्त उपायुक्त के नेतृत्व में कमेटी और जिला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने डीएसपी सिवानी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी।
बता दें कि एक जनवरी को डाडम खनन क्षेत्र में एक पहाड़ खिसक गया था, जहां पहाड़ खिसका वहां गोवर्धन माइंस द्वारा खनन कार्य किया जा रहा था। पहाड़ खिसकने के कारण दबने से पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोग घायल हो गए थे। मलबे में दबने के कारण सात वाहन भी चकनाचूर हो गए थे। इनमें जेसीबी, डंपर और पॉकलैंड जैसी मशीन भी शामिल थीे। घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी संज्ञान लिया था।
गाजियाबाद से आई थी जांच टीम
हादसे की सूचना मिलने के बाद खान सुरक्षा विभाग के गाजियाबाद मुख्यालय से आला अधिकारी जांच के लिए पहुंचे थे। उन्होंने खनन के दौरान लापरवाही बरते जाने की बात भी कही थी। अब पुलिस और प्रशासन द्वारा गठित की गई टीमों ने खान सुरक्षा विभाग और खनन विभाग से खनन संबंधित नियम और विभागों द्वारा यहां की गई जांच की रिपोर्ट मांगी थी। अभी तक दोनों ही टीमों को वह रिपोर्ट नहीं मिली है।
जांच की जा रही है
पुलिस एसआईटी मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। अब तक एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और कई लोगों के इस संबंध में बयान भी दर्ज किए हैं। खनन और खान सुरक्षा विभाग से उनकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है। जैसे ही जांच रिपोर्ट आएगी मामले की जांच आगे शुरू कर दी जाएगी।
- अजीत सिंह शेखावत, एसपी, भिवानी
खनन और खान सुरक्षा विभाग से मांगी है रिपोर्ट
कमेटी मामले की जांच कर रही है। इसके लिए 12 जनवरी को कमेटी ने खनन क्षेत्र का एक बार फिर से निरीक्षण भी किया था। अब खनन और खान सुरक्षा विभाग से उनकी जांच और नियमों की रिपोर्ट के लिए लिखा गया है। वह रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी।
- मनीष फोगाट, एसडीएम, तोशाम।