भिवानी। नागरिक अस्पताल के घंटा घर चौक स्थित अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र में केवल एक रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण सुविधा डगमगा रही है। प्रतिदिन 150 मरीज जांच के लिए आते है लेकिन रेडियोलॉजिस्ट केवल 60 से 70 मरीजों की जांच कर पाता है। इस कारण शनिवार से केंद्र बंद रहा और सोमवार को भी यही स्थिति रही।
नागरिक अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण मरीजों की जांच में व्यवधान आ रहा है। उन्होंने कहा कि एक दिन में 150 मरीजों की जांच करना संभव नहीं है। एमरजेंसी और गर्भवती महिलाओं की जांच को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे बाकी मरीज लंबी प्रतीक्षा करते हैं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश या कोर्ट के कार्य में जाने पर जांच केंद्र पूरी तरह बंद करना पड़ता है। डॉ. बलवान सिंह ने यह भी बताया कि अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
फोटो : 40
एक्सरे कक्ष के बाहर अंधेरे में किया मरीजों ने बारी का इंतजार
सोमवार को नागरिक अस्पताल में एक्सरे और एमआरआई/सीटी स्कैन कक्ष के बाहर लाइट न होने के कारण मरीज अंधेरे में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सुबह से दोपहर तक यह स्थिति बनी रही। अस्पताल में नवीनीकरण कार्य चल रहा है, जिसके दौरान बिजली की तकनीकी खराबी से लाइट बंद हो गई। डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि जल्द ही लाइट की समस्या ठीक करवा दी जाएगी और किसी मरीज को कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी।
वर्सन:
नागरिक अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट है। इसी कारण समस्याएं आ रही हैं। जांच में एमरजेंसी और गर्भवती मरीजों को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे कुछ मरीज जांच से वंचित रह जाते हैं। रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर केंद्र बंद करना पड़ता है। एक अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की मांग उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।- डॉ. बलवान सिंह, प्रभारी, नागरिक अस्पताल भिवानी