पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा का इनैलो पार्टी में स्वागत करते इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय
भिवानी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मौजूदा भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास के बजाए प्रदेश पर साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्जा बढ़ा दिया है जबकि विकास कहीं नजर नहीं आता। मंगलवार को बड़ चौक स्थित भगवान परशुराम धर्मशाला में इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने सत्ताधारी दल पर यह निशाना साधा।
चौटाला ने कहा कि राज्य की ताकत कमजोर हुई है और प्रदेश का पैसा लुटेरे अपनी जेबों में डाल गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर समेत प्रदेश का हर वर्ग दुखी है और सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान बर्बाद हो चुके हैं। युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं जिस कारण गांव के गांव खाली हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों दल सिर्फ सत्ता हथियाने की राजनीति करते हैं।
डॉ. वासुदेव शर्मा को पार्टी की सदस्यता दिलाई
भिवानी में अभय सिंह चौटाला के साथ राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा और राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान भी मौजूद रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक ढाणीमाहू ने इनेलो नेताओं का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा ने फिर से इनेलो में वापसी की जिन्हें अभय सिंह चौटाला और रामपाल माजरा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। चौटाला ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था और बिहार चुनाव पर सवाल
कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौटाला ने कहा कि डीजीपी ओपी सिंह के निर्देशों पर अब जो धड़ाधड़ गिरफ्तारियां हो रही हैं यह कार्य पहले 11 वर्षों के दौरान क्यों नहीं किया गया? उन्होंने पूछा कि इन बदमाशों को न पकड़े जाने के पीछे पुलिस पर किसका दबाव था। बिहार चुनाव परिणाम पर टिप्पणी करते हुए चौटाला ने कांग्रेस नेताओं को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता स्थानीय मुद्दों को भूलकर सिर्फ वोट चोरी का आरोप लगाते रहे। उन्होंने साफ किया कि एक तरफ तो राहुल गांधी वोट चोरी की बात करते हैं दूसरी तरफ वोट चोरी के विश्वास के विपरीत चुनाव भी लड़ते हैं ये दोनों बातें एक साथ चलने वाली नहीं हैं।