गांव बलियाली में स्थित मेडिकल स्टोर पर दवाइयों की जांच करती स्वास्थ्य विभाग व सीएम फ्लाइंग क
बवानीखेड़ा। क्षेत्र में अवैध दवा बिक्री और नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। टीम आदर्श महाग्राम बलियाली रामूपूरा बस स्टैंड पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंची और दुकान में मौजूद सभी दवाइयों की बारीकी से जांच की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने स्टॉक रजिस्टर, खरीद बिल और विभिन्न दवाइयों के रिकॉर्ड की पड़ताल की।
जांच के दौरान अधिकारियों ने कई दवाइयों के बिल मांगे लेकिन कुछ दवाइयों के दस्तावेज नहीं मिले। इस पर टीम ने मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक बिल व दस्तावेज निर्धारित समय में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बिना बिल की दवाइयों पर कार्रवाई तय मानी जाएगी। हालांकि पूरी छानबीन के दौरान टीम को किसी भी प्रकार की नशीली या प्रतिबंधित दवाई नहीं मिली जिससे मेडिकल स्टोर को फिलहाल बड़ी कार्रवाई से राहत मिल गई है। छापेमारी के दौरान सीआईडी विभाग से डीआई विश्वजीत, डॉ. राहुल, जिला ड्रग्स कंट्रोलर सुरेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह सहित स्वास्थ्य व प्रशासनिक विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र में अवैध दवाई बिक्री और नशे के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।