औद्योगिक सेक्टर में सड़क किनारे जमा गंदा पानी।
भिवानी। शहर के औद्योगिक सेक्टर 21 और 26 में रात के समय स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से गहरा अंधेरा पसर जाता है वहीं मुख्य स्थानों पर सफाई के लिए कोई कर्मचारी भी तैनात नहीं है। स्थिति यह है कि दोनों औद्योगिक सेक्टरों में 250 से अधिक औद्योगिक इकाइयां संचालित होने के बावजूद सफाई और प्रकाश की व्यवस्था ठप है। जिला उद्योग संघ ने इस अव्यवस्था को लेकर विधायक और नगर परिषद अधिकारियों से सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की मांग उठाई है।
जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र जैन ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से इन सेक्टरों में कोई सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है, जबकि संबंधित अधिकारी यह कहते हैं कि यहां सफाई की जिम्मेदारी नगर परिषद की है और वहीं सफाई कर्मचारी लगाए जाएंगे। ऐसे में दोनों विभागों के बीच फंसे औद्योगिक सेक्टरों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। नियमित सफाई न होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिनका उठान तक नहीं कराया जा रहा।
रोहतक रोड स्थित औद्योगिक सेक्टर 21 और 26 में कुछ वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से सड़क, सीवर, पेयजल लाइन और स्ट्रीट लाइट लगाने सहित विकास कार्य कराए गए थे लेकिन रखरखाव न होने के कारण अधिकांश स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। सांझ ढलते ही मुख्य मार्गों पर अंधेरा फैल जाता है, जिससे उद्योग संचालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। कई उद्योग मालिक अपने स्तर पर प्रकाश की व्यवस्था कर रहे हैं।
हमने नगर परिषद व जिला प्रशासन के अलावा स्थानीय विधायक से भी औद्योगिक सेक्टरों के अंदर साफ सफाई की व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गुहार लगाई है। उद्योग संघ ने अपने स्तर पर संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की लेकिन न तो सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो पाई है न यहां स्ट्रीट लाइट का प्रबंध है। - शैलेंद्र जैन, अध्यक्ष भिवानी उद्योग संघ, भिवानी।