भिवानी। अप्रैल के पहले सप्ताह में ही गर्मी लगातार बढ़ रही है। अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में आंखों का बचाव बहुत जरूरी है। गर्मी व दोपहर के समय चलने वाली गर्म हवा लोगों की आंखों में नमी बना रही है।
इस कारण आंखों में पानी आने की समस्या के साथ ही आंखों में जलन व एलर्जी के मरीज सामने आ रहे हैं। गर्म हवा के साथ ही घरों व गाड़ियों में प्रयोग किए जाने वाली एसी की हवा भी आंखों को नुकसान पहुंचा रही हैं। इस कारण शहर के निजी व सरकारी नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। नेत्र रोग विशेषज्ञ भी मरीजों को आंखों की देखभाल करने की सलाह दे रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में आ रहे 250 मरीज प्रतिदिन
जिला नागरिक अस्पताल में स्थित नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में पहले 150 मरीज पहुंचते थे। लेकिन पिछले एक सप्ताह से मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। फिलहाल ओपीडी में 250 मरीज प्रतिदिन आंखों की जांच करवाने आ रहे हैं। इसमें से ज्यादातर मरीज आंखों से पानी आना, जलन व आंखों में खुजली चलने की समस्या से परेशान हैं।
क्यों आ रही है आंखों में समस्या
नागरिक अस्पताल में कार्यरत नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हरजीत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी लगातार बढ़ रही है। दोपहर के समय गर्म हवा चलती है। इसके साथ ही लोग घरों में पंखे व गाड़ियों में एसी का प्रयोग कर रहे हैं। हवा सीधा आंखों से टकराती है। इस कारण आंखों में पानी आने व जलन होने की समस्या आ रही है। इसके अलावा कुछ मरीजों में आंखों में खुजली व संक्रमण होने की समस्या भी आ रही है। इसके साथ ही खेतों में फसल निकालने का कार्य चल रहा है। इस वजह से फसलों की तूड़ी के साथ मिलकर धूल-मिट्टी के कण भी उड़ कर आंखों में जा रहे हैं। जो नुकसान पहुंचा रहे हैं।
किस तरह किया जाए आंखों का बचाव
डॉ. हरजीत सिंह के अनुसार ऐसे मौसम में आंखों के बचाव के लिए चश्मा लगा कर रखें। दिन में तीन से चार बार आंखों को ठंडा पानी से धोते रहे। विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों को बाइक चलाते समय हेलमेट का प्रयोग कर शीशा बंद करना चाहिए। इसके साथ ही अगर गाड़ी में एसी का प्रयोग करते हैं तो कोशिश करें की उसकी सीधा हवा आंखों से नहीं टकराएं। घरों में कूलर व पंखों की हवा सीधा आंखों में नहीं लगने दें। धूल-मिट्टी वाले क्षेत्र में जाने से बचें। दोपहर में चलने वाली गर्म हवा को सीधा आंखों में लगने से बचाएं।
गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। आंखें शरीर का बहुत संवेदनशील भाग है। इस कारण आंखों का बचाव करना जरूरी है। अगर आंख में किसी प्रकार की समस्या महसूस होती है तो तुरंत नजदीकी नेत्र रोग विशेषज्ञ से मिल कर परामर्श करें। अपनी मर्जी से किसी प्रकार की दवा आंखों में नहीं डालनी चाहिए। - डॉ. हरजीत सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।