जयपुर-हैदराबाद-जयपुर साप्ताहिक ट्रेन संख्या 17019/17020 की सेवा हिसार तक विस्तार किया गया है। मंगलवार को इस विस्तारित रेल सेवा का शुभारंभ हुआ। ट्रेन संख्या 17019 हिसार-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस को सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने सिवानी रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं इस गाड़ी के सादुलपुर पहुंचने पर चुरु के सांसद राहुल कस्वां ने ट्रेन को सादुलपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाई।
गाडी संख्या 17019, हिसार-हैदराबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस रेलसेवा 26 सितंबर से हिसार से प्रत्येक मंगलवार को 07.15 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 15.05 बजे आगमन व 15.30 बजे प्रस्थान कर गुरुवार को 07.30 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 17020, हैदराबाद-हिसार साप्ताहिक एक्सप्रेस रेल सेवा 30 सितंबर से हैदराबाद से प्रत्येक शनिवार को 15.10 बजे रवाना होकर सोमवार को जयपुर स्टेशन पर 05.25 बजे आगमन व 05.50 बजे प्रस्थान कर 13.00 बजे हिसार पहुंचेगी। विस्तारित मार्ग में यह रेलसेवा जयपुर से हिसार के मध्य रींगस, सीकर, नवलगढ, झुंझुनूं, चिड़ावा, लोहारू, सादुलपुर व सिवानी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। हैदराबाद-जयपुर-हैदराबाद स्टेशनों के मध्य संचालन समय व ठहराव यथावत् रहेंगे। संवाद