भिवानी। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 11वीं के विद्यार्थी ने स्कूल के शिक्षक (डीपीई) पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर जूई कलां थाना पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ जूवेनाइल जस्टिस एक्ट, धमकी और मारपीट से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस थाना में दर्ज शिकायत में पीड़ित विद्यार्थी ने बताया कि वह कुसुंभी स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ता है। गत दो सितंबर को जब वह स्कूल में गया तो डीपीई ने बिना उसे कुछ बताए लात-घूंसों से पिटाई की और घर पर बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के कुछ दिन बाद छह सितंबर को उसके कान में दर्द हुआ। उसने इस बारे में अपने पिता को बताया। परिजन ने उसे भिवानी नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक पर केस दर्ज कर लिया है और अपनी आगामी कार्रवाई में लग गई है।