भिवानी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर रविवार सुबह भीम स्टेडियम से खेल युक्त और नशामुक्त हरियाणा का संदेश लेकर साइक्लोथॉन यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इस अवसर पर एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम महेश कुमार, डीएसपी अनूप कुमार और जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार मौजूद रहे। सभी ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जन्मदिवस 29 से 31 अगस्त राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए।
एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी अद्वितीय हॉकी कला से भारत को विश्व विजेता बनाया। भिवानी ने भी विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की एक लंबी फेहरिस्त दी है। उन्होंने खुद साइकिल चलाकर युवाओं को प्रेरित किया। इस मौके पर यातायात एसएचओ सुरेश कुमार, कोच विद्यानंद, जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिबयान, जिला आरसीटी प्रबंधक संजय कामरा और रेडक्रॉस से विकास कुमार शामिल रहे।
स्कूल और कॉलेजों से उमड़े विद्यार्थी
साइक्लोथॉन यात्रा में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ शामिल हुए। महाराजा नीमपाल सिंह राजकीय महाविद्यालय से प्राचार्य डॉ. जगबीर मान के नेतृत्व में एनएसएस और एनसीसी की यूनिटों ने भाग लिया। इनमें नोडल अधिकारी वजीर सिंह, डॉ. कपिल शर्मा, वरिष्ठ प्रो. देवेंद्र दलाल, अनिल सिंघल, सुरेंद्र नरवाल रही। वहीं उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर के नेतृत्व में विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राएं, एनएसएस और एनसीसी की यूनिटें शामिल हुईं। राजीव गांधी महिला महाविद्यालय से प्रो. डॉ. राजेश लांग्यान के नेतृत्व में छात्राओं ने साइक्लोथॉन में भाग लिया।
ये रहा साइक्लोथॉन का रूट
साइक्लोथॉन यात्रा की शुरुआत भीम स्टेडियम से हुई। यात्रा हांसी रोड, बासिया भवन, हांसी गेट, जेबी गुप्ता अस्पताल के सामने से होते हुए चिड़ियाघर मोड़ से वापस भीम स्टेडियम में संपन्न हुई। जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि सहित सभी अधिकारियों का स्वागत किया।