भिवानी। पुलिस ने जिले में मादक पदार्थ अधिनियम, जुआ अधिनियम, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर शिकंजा कसा है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश में जनवरी से अप्रैल तक 137 अभियोग दर्ज कर 256 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 42 अभियोगों में 80 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनके कब्जे से 696 ग्राम अफीम, 15.079 किलो डोडा पोस्त, 19.839 किलो गांजा, 583.353 ग्राम हेरोइन, 650 ग्राम चरस, 133 प्रतिबंधित टैबलेट और 6 इंजेक्शन बरामद हुए। जुआ और सट्टा में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ 22 अभियोग दर्ज कर 80 आरोपी गिरफ्तार किए गए जिनके पास से 6,08,370 रुपये बरामद हुए।
इसके अलावा बिना लाइसेंस अवैध शराब बेचने वाले 64 आरोपियों के खिलाफ 53 अभियोग दर्ज किए गए। पुलिस ने इनके कब्जे से 1966 बोतल देसी शराब, 8 बोतल शराब हथकढ़, 6488 बोतल अंग्रेजी शराब, 604 बोतल बियर और 20 लीटर लाहन जब्त किया। अवैध हथियार रखने वाले 32 आरोपियों के खिलाफ 20 अभियोग दर्ज किए गए। पुलिस ने इनके कब्जे से 19 अवैध पिस्तौल, 1 बंदूक और 17 कारतूस बरामद किए।
फोटो 12
भिवानी जिला पुलिस आम नागरिकों से अपील कर रही है कि यदि किसी भी स्थान पर नशा तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब बिक्री या अवैध हथियार रखने की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित थाना या पुलिस चौकी को सूचित करें। सभी थाना प्रबंधक और अपराध यूनिट इंचार्ज को निर्देश दिए गए हैं कि इन अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रखी जाए। - सुमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, भिवानी