भिवानी। राष्ट्रीय व राज्य आईएमए के आह्वान पर 11 दिसंबर को सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक एलोपैथी डॉक्टर्स मिक्सओपैथी का विरोध करेंगे व विरोधस्वरूप अस्पताल बंद रहेंगे। आपात सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
राज्य आईएमए वर्ष 2021 की टीम ने वीरवार को उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मंत्री, नीति आयोग, एनएमसी व आईआईसीएम को प्रस्तावित बंद व विरोध की सूचना प्रेषित की। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी लड़ाई आयुष वैद्यों के खिलाफ नहीं है। वे उनकी प्रगति की खिलाफत नहीं करते। उनसे उनका कोई भी टकराव नहीं है। आज भी उनका व उनके परिवारों की साधारण व जटिल बीमारियों का एलोपैथी के डॉक्टर ही इलाज करते हैं। आईएमए चाहती है कि जो आयुर्वेद ज्ञान की पढ़ाई उन्होंने की है, वह उसी के ऊपर अपने हाथ आजमाएं। एलोपैथी उन्होंने पढ़ी नहीं तो एलोपैथी की चिकित्सा करना अनैतिक व घातक है। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. करन पूनिया, डॉ. मुकेश पंवार, डॉ. स्वस्ति शर्मा, डॉ. नरेंद्र तनेजा, डॉ. संजय सिंगला, डॉ. वंदना पूनिया, डॉ. रमेश खासा व डॉ. केएम गोयल शामिल रहे।