भिवानी। सीएम विंडो की लंबे समय से लंबित शिकायतों को लेकर नगर परिषद के अधिकारी बुधवार को शहर में निरीक्षण पर निकले। करीब आधा दर्जन स्थानों का निरीक्षण किया और करीब 30 लोगों को नप की ओर से नोटिस भी दिए गए हैं। अधिकतर के नक्शे पास नहीं हैं वहीं कुछ लोगों ने तय नक्शे के अनुसार निर्माण नहीं किया है।
नगर परिषद की कुछ समय पहले तक सबसे अधिक सीएम विंडो लंबित थी। उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने इसे गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सीएम विंडो की शिकायतें निपटाने के निर्देश दिए। जिसके बाद नप अधिकारी भी हरकत में आए। पंचायत भवन में तीन दिन पूर्व सीएम विंडो की शिकायतें निपटाने के लिए स्वयं उपायुक्त जयबीर आर्य ने खुला दरबार भी लगाया। जिसमें ज्यादातर शिकायतें अतिक्रमण, कच्ची गलियों, कचरे, अवैध निर्माण, स्ट्रीट लाइटों से संबंधित रही। जिस पर उपायुक्त ने जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी कड़ी में बुधवार को नगर परिषद के जिला म्यूनिसिपल आयुक्त राहुल नरवाल, कार्यकारी अधिकारी संजय यादव, जेई सुनील कुमार की टीम ने शहर का निरीक्षण किया। खासकर नप अधिकारी सीएम विंडो पर आई शिकायतों वाले स्थानों पर पहुंचे और जांच की। इसे लेकर लोगों में भी हड़कंप की स्थिति रही और सभी को कार्रवाई का डर सता रहा है।
आदर्श नगर, हांसी गेट, हनुमान ढाणी, ओवरब्रिज के पास पहुंचे अधिकारी
नगर परिषद अधिकारियों ने आदर्श नगर, हांसी गेट, हनुमान ढाणी के पास का निरीक्षण किया। अनाजमंडी ओवरब्रिज के पास एक निजी स्कूल के साथ चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इन स्थानों पर करीब 30 लोगों को अवैध निर्माण के चलते नोटिस जारी किए गए। टीम सदस्यों ने वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की।
वर्जन:::
सीएम विंडो की शिकायत के आधार पर अवैध निर्माणों का निरीक्षण किया गया है। अवैध निर्माणों का लेकर नोटिस जारी किए गए हैं और जवाब मांगे गए हैं। जवाब के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- संजय यादव, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद