पेयजल लाइन कनेक्शन ठीक करने के लिए जमीन खोदती जेसीबी।
लोहारू। जनस्वास्थ्य विभाग ने आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए शहर में मुख्य पाइप लाइन से लिए गए अवैध पानी कनेक्शनों पर कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल के पीछे और सैन मंदिर के पास जुड़े कनेक्शन काट दिए। इस कार्रवाई के बाद वार्ड नंबर 6 और 7 के निवासियों में रोष है। उनका कहना है कि घर ऊंचाई पर होने के कारण नियमित पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंचता, जिससे पेयजल संकट और गहरा गया है।
जनस्वास्थ्य विभाग के जेई कपिल ने बताया कि मुख्य पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन होने के कारण नियमित जल आपूर्ति बाधित हो रही थी और अन्य उपभोक्ताओं को भी सप्लाई में दिक्कत आ रही थी। जांच के बाद ऐसे कनेक्शनों को हटाया गया है ताकि गर्मी के मौसम में सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। वहीं वार्ड वासियों सोनू सैन, शाहरुख नागोरी, चरणसिंह, उमरदिन, पवन ठाकुर, अंकित ठाकुर, प्रमोद और सोमबीर सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके घर ऊंचाई पर स्थित हैं, जिसके चलते नियमित पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती। इसी कारण उन्होंने मुख्य लाइन से कनेक्शन लिया हुआ था, जिसे अब विभाग ने काट दिया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले ही पानी की भारी किल्लत थी और अब कनेक्शन कटने से समस्या और बढ़ जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि अब वे पानी कहां से लाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि अवैध कनेक्शन हटाने हैं तो सभी के हटाए जाएं और किसी के साथ पक्षपात न किया जाए। जेई कपिल ने आश्वासन दिया कि जिन घरों में पानी की सप्लाई में वास्तविक दिक्कत है, उनका समाधान जल्द कराया जाएगा। वार्ड वासियों ने इस संबंध में एसडीएम के नाम लिखित शिकायत भी दी है। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को भी पानी की टंकी बनवाने की मांग को लेकर लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले ही इस विषय में जेई को अवगत करा दिया गया था, इसके बावजूद कार्रवाई कर दी गई।