बवानीखेड़ा में अवैध निर्माण को रूकवाते अधिकारी।
बवानी खेड़ा। कस्बा बवानीखेड़ा के रेलवे रोड पर एचएसवीपी कॉलोनी के सामने करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन पर रविवार को एक व्यक्ति अवैध निर्माण कर रहा था। मामले की भनक जब नगर पालिका प्रशासन को लगी तो कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर अवैध निर्माण को रोक दिया और कब्जा धारी से दस्तावेज मांगे। इसी बीच कब्जाधारी ने अपने आपको फतेहाबाद के एसडीएम का ड्राइवर बताकर पालिका कर्मचारियों पर धौंस भी जमाई।
इस बीच नगर पालिका की टीम व कब्जाधारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। फिलहाल नगर पालिका ने निर्माण कार्य रोक दिया है और निर्माण के मलकीत के दस्तावेज मांगे हैं। दस्तावेज सोमवार 10 बजे नगरपालिका कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा बवानीखेड़ा के रेलवे रोड पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कॉलोनी के सामने सरकारी जमीन पर कुछ दिन पहले कस्बे के एक व्यक्ति ने मलबा डाल कर कब्जा कर लिया और रविवार को छुट्टी के दिन का मौका देखकर कब्जाधारी निर्माण कार्य कर रहा था। इसी बीच नगर पालिका प्रशासन को किसी नागरिक ने अवैध निर्माण की सूचना दी। सूचना के बाद नगर पालिका सचिव ने एक टीम का गठन कर अवैध निर्माण रोकने के लिए भेजा। टीम ने मौके पर जाकर देखा तो निर्माण कार्य जारी था। टीम ने कब्जाधारी से दस्तावेज मांगे परंतु वो दस्तावेज न दिखा सका और अनर्गल बातें करने लगा। कब्जाधारी ने अपने आप को एसडीएम फतेहाबाद का ड्राइवर बताया और नगर पालिका टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की। जिस जगह निर्माण हो रहा था वह जगह करोड़ों रुपये की है।
वर्जन :
रविवार को एक व्यक्ति कस्बे के रेलवे रोड पर एचएसवीपी कॉलोनी के सामने सरकारी जमीन पर दीवार निकाल कर अवैध निर्माण कर रहा था। आम नागरिक द्वारा हमें सूचना मिली तो मौके पर कर्मचारियों को भेज कर निर्माण कार्य रोक दिया है और कब्जाधारी से सोमवार को नगर पालिका कार्यालय में 10 बजे मलकीत के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
-संदीप कुमार ,सचिव नगर पालिका बवानी खेड़ा।
-
वर्जन:::
जोगेंद्र नाम का व्यक्ति मेरे कार्यालय में ड्राइवर है। मेरे नाम से कोई कुछ कहे तो मैं क्या कर सकता हूं। अवैध कब्जाधारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
-राजेश कुमार एसडीएम फतेहाबाद