मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बीपीएल के लिए बिजली बिल की सीमा हटा दी है। उन्होंने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों में आने वाली हर समस्या को पोर्टल पर अपलोड किया जाता है और उसकी चंडीगढ़ मुख्यालय स्तर तक मॉनिटरिंग होती है। उन्होंने गांव खरक कलां में 22 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित जलघर का शुभारंभ किया। जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान केबिनेट मंत्री ने कहा कि लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो भी गांव महाग्राम योजना में शामिल है, पंचायत जमीन उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव पारित करके ताकि वहां पर शहरों की तर्ज पर सीवरेज आदि सुविधा के लिए एसटीपी स्थापित कर सके। इसके साथ महाग्राम योजना में ग्रामीणों को 135 से 140 लीटर प्रति लीटर पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।
योजनाओं के बारे में ग्रामीणों के किया सीधा संवाद
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने ऑनलाइन सिस्टम और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ मिलने को लेकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से मेरिट के आधार पर नौकरी मिलने, आयुष्मान-चिरायु योजना, ऑनलाइन पेंशन लाभ, राशन कार्ड बनने आदि के बारे में पूछा, जिस पर अनेक लोगों ने कहा कि उनकी 60 साल आयु पूरा होने पर घर बैठे पेंशन बनी है। इसी प्रकार अनेक लोगों ने आयुष्मान योजना के तहत फ्री उपचार लेने की बात कही। अनेक लोगों ने अपने बच्चों को मेरिट के आधार पर नौकरी मिलने की बात कही।
गुलाबी सुंडी से प्रभावित कपास की फसल का सरकार देगी मुआवजा
मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि गुलाबी सुंडी से खराब हुई कपास की फसल को लेकर किसान किसी प्रकार की चिंता न करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुलाबी सुंडी से प्रभावित फसलों की गिरदावरी करवाने की घोषणा कर दी है तथा साथ ही क्षतिपूर्ति पोर्टल भी खोल दिया है। जिन किसानों का गुलाबी सुंडी से कपास की फसल में नुकसान हुआ है, वे उसको पोर्टल पर अपलोड जरूर करवाएं। सरकार गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देगी।
नहीं पहुंचे स्थानीय विधायक
शनिवार को कैबिनेट मंत्री डॉ बनवारी लाल के जन संवाद कार्यक्रम गांव खरक, सैय, पुर, कुंगड़, जमालपुर, रामुपुरा में जन संवाद कार्यक्रम था। विधायक बिशम्बर वाल्मीकि के अपने पैतृक गांव खरक में से ही जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी, परंतु स्थानीय विधायक बिशम्बर वाल्मीकि किसी भी गांव के जनसंवाद कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। इस बारे में जब विधायक से बातचीत की गई तो उनके निधि सचिन ने बताया कि विधायक राजस्थान दौरे पर गए हैं। इसलिए वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।