भिवानी। शहर में फैली गंदगी की शिकायत दर्ज कराने और त्वरित समाधान के लिए नगर परिषद ने दो मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर गंदगी वाली जगह की फोटो भेजने पर नगर परिषद के कर्मचारी संबंधित स्थान पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करेंगे और सफाई के बाद उसी स्थान की फोटो शिकायतकर्ता को भेजी जाएगी।
नगर परिषद प्रशासन द्वारा जारी किए गए मोबाइल नंबर 8053609453 और 8053609445 पर नागरिक गंदगी से संबंधित फोटो भेज सकते हैं। नगर परिषद ने शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों, खाली प्लाटों या गलियों में इधर-उधर कूड़ा-कचरा न डालें।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने बताया कि डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सर्कुलर रोड के अलावा अन्य स्थानों से भी कचरा प्वाइंट समाप्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जगह-जगह कचरा डालने से शहर में गंदगी का माहौल बनता है और वातावरण प्रदूषित होता है, इसलिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। जिला नगर आयुक्त ने बताया कि यदि शहर में कहीं भी कचरे का उठान या सफाई नहीं हो रही है तो नागरिक जारी किए गए नंबरों पर स्थान दर्शाते हुए फोटो भेजें। नगर परिषद प्रशासन द्वारा 24 घंटे के भीतर सफाई करवाई जाएगी और सफाई की गई जगह की फोटो शिकायतकर्ता को वापस भेजी जाएगी।