दिनोद गेट पर खुली पड़ी सप्लाई वाल दिखाते पार्षद गोविंद शर्मा।
भिवानी। दिनोद गेट स्थित पेयजल सप्लाई की वॉल पर कवर न लगाने से घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। मंगलवार को पार्षद गोविंद राम शर्मा के नेतृत्व में लोगों ने विरोध जताया। पार्षद ने कहा कि अगर शीघ्र से शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 15 जून से घंटाघर स्थित पानी की टंकी पर बैठकर आमरण अनशन करूंगा, जिसकी जिम्मेवारी जनस्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी।
पार्षद ने कहा कि इसके बारे में पहले भी संबंंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपा जा चुका है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि सप्लाई की वाॅल को कवर किया जाए, ताकि यहां गंदा पानी न घुस सके। भीषण गर्मी के कारण पहले से ही पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूषित पानी की आपूर्ति होने से लोगों को पेयजल खरीदना पड़ रहा है। साथ ही लोगों के बीमार होने का खतरा है।