बहल मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार सवार चार युवकों ने सेल्समैन के रुपये मांगने पर पिस्तौल तान दी। हंगामा सुनकर पेट्रोल पंप पर कार्यरत दूसरे कर्मचारी दौड़कर आए तो चारों युवक गाड़ी छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने एक नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तोशाम-बहल मार्ग पर गांव झांवरी के पास स्थित दादा रामस्वरूप फिलिंग स्टेशन पर मंगलवार रात करीब 9.00 बजे एक कार आकर रुकी। कार सवार चार युवकों में से एक ने 1000 रुपये का पेट्रोल डालने के लिए सेल्समैन से कहा। तेल डालने के बाद जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो युवकों ने इन्कार कर दिया।
आरोप है कि इसी बीच एक युवक ने कहा कि मंदीप पिस्टल निकाल और गोली मार। इसके बाद दो युवक गाड़ी से बाहर निकले और सेल्समैन की कनपटी पिस्तौल लगा दी। आरोप है कि युवकों ने गोली चलाने का प्रयास भी किया लेकिन पिस्तौल नहीं चली। शोरशराबा सुनकर पेट्रोल पंप के दूसरे कर्मचारी भी मौके पर आ गए। तभी स्थिति भांपकर चारों युवक गाड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने संदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसआई सूरत सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारी संदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।