भिवानी के गांव बुढेड़ी में चुनावी चर्चा करते ग्रामीण।
ढिगावामंडी। चुनावी माहौल का रंग अब लोगों पर भी चढ़ने लगा है। गांव की चौपालों में चुनावी चर्चा होने लगी है। जिले के गांव बुढेड़ी में चौपाल पर चुनाव पर चर्चा करते हुए ग्रामीण कहते हैं कि बोट उसनै दयांगे जो म्हारे गाम मै काम करावैगा। चुनाव के दौरान जहां प्रत्याशी मतदाताओं का समर्थन पाने के लिए घरों में जाकर वोटों की अपील कर रहे हैं, वहीं मतदाता अभी अपने मानकों पर प्रत्याशियों को परखने में लगे हैं।
गांव में चुनाव को लेकर काफी जगहों पर चल रही चर्चा के दौरान एक बात मुख्य रूप से सामने आ रही है। मतदाताओं का मानना है कि वोट उसे देना चाहिए जो जीतने के बाद भी लोगों के बीच में रहे और गांवों में विकास कार्यों को करवाकर लोगों को सुविधाएं दें। बुढेड़ी में कुल 1026 मतदाता हैं। गांव के चुनावी चर्चा में कुछ लोगों ने मौजूदा सरकार की सराहना की तो कुछ सरकार के विरोध में दिखे। गांव के सरपंच जगमत ने बताया कि सौरा नहर का निर्माण होने के बाद नहर बिलकुल मिटाने के कगार पर आ गई थी। नहर को दोबारा दुरुस्त करवाकर खेतों में सिंचाई के लिए आए पानी से किसानों ने अच्छा मुनाफा कमाया है। गांव में फिरनी, स्कूल में पानी का कुंड, बिजली, पानी, सड़क, पंचायत घरों में बिजली फिटिंग का काम हुआ है।
ग्रामीण चंद्रपाल ने बताया कि हमारे गांव की सबसे बड़ी समस्या फिरनी पर पानी निकासी न होने की है। जिससे घरों के आगे जलभराव होता है। इस कारण बीमारियां फैलने का भी डर है। राजकुमार ने बताया कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। बच्चों को बिना पैसे रोजगार मिला है। अतर सिंह ने बताया कि बिजली का अनाप-शनाप बिल गांव में आया हुआ है। इसका भी कोई समाधान होना चाहिए। प्रत्याशियों को वोट के समय मतदाताओं की याद आती है, जब तक वोट नहीं डाले हैं, किसी से भी काम की हां भरवा सकते हैं, उसके बाद हमें कोई नहीं पूछेगा। चंद्रपाल, बलबीर, राम सिंह, रविंद्र ने कहा कि आपसी भाईचारा सदैव काम आएगा। चुनाव पांच साल में फिर आ जाएंगे। प्रत्याशी आते-जाते रहते हैं, आपसी भाईचारा खराब न करें।