भिवानी। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में छेड़छाड़ कर एक बुजुर्ग महिला को मृत दिखा दिया गया। इससे उसकी पेंशन बंद हो गई। अब पेंशन के लिए बुजुर्ग महिला दर-दर भटक रही है और अधिकारियों को जिंदा होने का प्रमाणपत्र दिखाकर पेंशन दिलाने की गुहार लगा रही है। सोमवार को धनाना की बुजुर्ग महिला बाला देवी अपनी शिकायत लेकर एडीसी के समाधान शिविर में पहुंची और सामने कुर्सी पर बैठकर कहा- साहब देखिए, मैं जिंदा हूं। जिंदा होने का हलफनामा भी साथ लाई हूं। पीपीपी ठीक करवाकर मुझे पेंशन दिलवा दीजिए।
सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल समाधान शिविर में जनसमस्याएं सुन रहे थे। गांव धनाना की बुजुर्ग महिला बाला देवी ने एडीसी को बताया कि वे दो बार तहसीलदार से बनवाकर अपने जिंदा होने के बारे में हलफनामा दे चुकी हैं। इसके बावजूद परिवार पहचान पत्र को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। इस वजह से पेंशन लाभ से वंचित होना पड़ रहा है।
इस पर एडीसी ने समाधान शिविर में मौजूद सीएससी के जिला प्रबंधक को जल्द से जल्द परिवार पहचान पत्र दुरुस्त करने और पीपीपी में छेड़छाड़ करने वाले सीएससी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निर्धारित रेट लिस्ट लगवाना सुनिश्चित करें
एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल ने सीएससी सेंटरों के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए कि वे जिले के सभी सीएससी पर होने वाले विभिन्न कार्यों की सरकार द्वारा निर्धारित रेट लिस्ट लगवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक सीएससी का निरीक्षण किया जाए और इसके लिए बाकायदा रोस्टर बनाया जाए। निरीक्षण के माध्यम से परिवार पहचान पत्र में सबसे अधिक शिकायतों से संबंधित सीएससी की सूची तैयार की जाए। पीपीपी में छेड़छाड़ करने वाले सीएससी संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर उनका सीएससी रद्द किया जाए।
रुकी पेंशन दिलाने के दिए निर्देश
गांव ढाणा लाडनपुर निवासी राजेन्द्र की पेंशन संबंधी शिकायत सुनते हुए एडीसी नागपाल ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के निर्देश दिए कि एक बैंक के दूसरे बैंक में समाहित होने के कारण किसी लाभ पात्र की पेंशन रुकी हुई है तो ऐसे सभी पेंशनधारकों का रिकार्ड नए बैंक के पास भेजा जाए ताकि आईएफएससी कोड की वजह से पेंशन में रुकावट न आए।
शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने के दिए निर्देश
रोहतक गेट क्षेत्र से बजरंग बली कॉलोनी निवासी पूर्व पार्षद ईश्वर सिंह मान द्वारा अतिक्रमण से संबंधित शिकायत सुनते हुए एडीसी ने स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि न केवल बजरंग बली कॉलोनी बल्कि पूरे शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाए ताकि अतिक्रमण की वजह से आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी प्रकार से पार्षद गोबिंद राम बिल्लू बादशाह ने उनके क्षेत्र के अलावा शहर में अनेक जगहों पर पेयजल सप्लाई की वॉल खराब होने की शिकायत रखी, जिस पर एडीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दो दिन के अंदर खराब वॉल को बदलने के निर्देश दिए।