करीब दो महीने पहले हाईकोर्ट के आदेश पर छुड़वाई गई जमीन पर रविवार देर रात अवैध कब्जाधारियों ने दोबारा कब्जे का प्रयास किया। इन लोगों ने पीड़ित किसान की झोपड़ी व अन्य कीमती सामान जला दिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौका मुआयना किया।
उपतहसील के गांव बेरला निवासी जगदीश प्रसाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार की कुछ एकड़ जमीन के मालिकाना हक को लेकर उनका पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था जिस पर न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया और 6 अगस्त को जिला प्रशासन के ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उनको कब्जा भी दिलवाया लेकिन उसी दिन से उनके पड़ोसी आए दिन उसके साथ मारपीट व गाली-गलौच करते हैं। मामले को लेकर वे कई बार पुलिस को लिखित शिकायत भी कर चुके हैं लेकिन हर बार अनसुना कर दिया गया।
रविवार देर रात जब घर के सभी परिजन खाना खा रहे थे तभी घर के समीप बनी झोपड़ी में रखे पशुचारे व अन्य लकड़ी पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी गई। जब पड़ोसियों की इस हरकत पर किसान ने विरोध किया तो वे मारने के लिए दौड़े। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को सुलझाया। पीड़ित परिवार ने एसपी से मामले की जांच और अवैध कब्जे का बार-बार प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।