हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा कराने के लिए जिले में 50 केंद्र फाइनल कर लिए गए हैं। इसमें ज्यादातर केंद्र कॉंवेंट स्कूल और निजी कॉलेज में बनाए गए हैं। यही नहीं जिला मुख्यालय के अलावा कई केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में भी बने हैं।
सूत्रों के मुताबिक सर्वाधिक 25 केंद्र भिवानी में रखे गए हैं, जबकि दादरी क्षेत्र में 12, लोहारू में 6, सिवानी में 4 और तोशाम में तीन केन्द्र निर्धारित हैं। शिक्षा विभाग ने इसकी सारी औपचारिकताएं पूरी कर बोर्ड को सूची भेज दी है। हरियाणा बोर्ड द्वारा संचालित एचटेट की परीक्षा नवंबर माह में प्रस्तावित है।
शासन के निर्देशानुसार भिवानी समेत प्रदेश के उन जिलों में भी केंद्र बनाए गए हैं, जिन्हें ब्लैक लिस्ट में होने के कारण अब तक इससे वंचित रखा जाता था। परीक्षा केंद्र बनाने के लिए बोर्ड ने मापदंड भी निर्धारित कर रखे हैं।
इसके तहत अब तक सिर्फ राजकीय कॉलेजों में ही केंद्र बनते रहे हैं। साथ ही कनेक्टिविटी के लिहाज सभा से जिला मुख्यालयों को ही प्राथमिकता दी जाती रही है। मगर गृह जिले में परीक्षा कराने के लिए बोर्ड को इन नियमों से समझौता करना पड़ा है।
जिले में निर्धारित हुए 50 केन्द्रों में ज्यादातर केंद्र निजी कॉन्वेंट स्कूल और ग्रामीण क्षेत्र के राजकीय, निजी कॉलेजों में भी बनाए गए हैं। केंद्र निर्धारण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर शिक्षा विभाग ने बोर्ड को सूची भेज दी है। अब इसी के आधार पर परीक्षार्थियों को केंद्र का आवंटन किया जाएगा।
हालांकि विभागीय अफसर इस बारे में बोलने से कतरा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला श्योराण के मुताबिक एचटेट के केंद्र चयन की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, मगर इस बारे में कोई जानकारी बोर्ड अधिकारी ही देंगे।
---
जिले में यह होंगे प्रमुख केन्द्र
सूत्रों के मुताबिक जिले में निर्धारित 50 केंद्रों की सूची में आदर्श महिला महाविद्यालय, वैश्य कॉलेज, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय, चौ.बंसीलाल विवि, राजकीय कॉलेज, लिटिल हाटर्स पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, वैश्य मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, द्रोणाचार्य शिक्षा निकेतन, जी लिट्रा वैली स्कूल, चौ.बंसीलाल राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, भिवानी पब्लिक स्कूल, पब्लिक स्कूल बाल भवन, बिट्स इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी स्कूल कौंट रोड, बैपटिस्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेसिक मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीआरके आदर्श विद्या मंदिर, एससीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आरईडी स्कूल, केएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चौ. बंसीलाल कॉलेज लोहारू, आरजेएलबी राजकीय पॉलीटेक्निक लोहारू, चौ. बंसीलाल महिला महाविद्यालय तोशाम शामिल हैं। इनके अलावा कुछ अन्य स्कूल भी हैं। क्षमता के अनुसार कई संस्थाओं में 2-3 केन्द्र बने हैं।