भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई जा रही सेकेंडरी और डीएलएड पूरक परीक्षाओं में वीरवार को 82 नकलची पकड़े गए। चार केस प्रतिरूपण के दर्ज किए गए।
वीरवार को सेकेंडरी(शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) पूर्ण विषय अंक सुधार, आंशिक अंक सुधार, रि-अपीयर व अतिरिक्त विषय (सामाजिक अध्ययन विषय) एवं डीएलएड. द्वितीय वर्ष (नियमित/रि-अपीयर) डी-201-कॉग्निशन, लर्गिन एंड सोसियो-कल्चर कॉन्टेक्स्ट विषय की परीक्षा हुई।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते ने जिला झज्जर व दादरी के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां परीक्षाएं शांतिपूर्वक चल रही थी। बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद के उड़नदस्ते ने जिला जींद के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और 16 नकलची पकड़े। इनमें 12 तो प्रतिरूपण के केस रहे। जिनमें असल परीक्षार्थी की जगह कोई अन्य परीक्षा दे रहा था। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र राकवमावि जींद-5 एवं परीक्षा केंद्र रावमावि, डिफेंस कॉलोनी पुलिस लाइन, जींद-7 पर दूसरों की जगह परीक्षा देने वाले 12 मुन्नाभाई पकड़े गए। जिन पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए। वास्तविक परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षाओं से वंचित रखने बारे भी बोर्ड नियमानुसार कार्यवाही करने जा रहा है।
बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्तों ने जिला भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, करनाल, पानीपत, रोहतक एवं सोनीपत के परीक्षा केंद्रों में नकल के 34 केस पकड़े। बोर्ड सचिव के विशेष उड़नदस्तों ने जिला फरीदाबाद, फतेहाबाद, जींद, कैथल, सिरसा एवं नूंह के परीक्षा केंद्रों में नकल के 17 केस पकड़े। रैपिड एक्शन फोर्स ने आठ नकलची पकडे़। अन्य उड़नदस्तों ने भी नकल सात केस दर्ज किए।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि वीरवार को सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) परीक्षा में 29 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4535 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए। डीएलएड (नियमित/रि-अपीयर) परीक्षा में 87 परीक्षा केंद्रों पर करीब 16686 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए।