भिवानी। सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं स्थगित करने और 10वीं की परीक्षाएं रद्द करने के फैसले के बाद अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड पर सबकी निगाहें टिकी हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भी परीक्षाओं को लेकर जल्द ही बड़ा फैसला ले सकता है। इस संदर्भ में बोर्ड अधिकारी वीरवार को बैठक कर मंथन करेंगे और प्रस्ताव बनाकर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड फिलहाल 20 अप्रैल से सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटा है। नकल रोकने के लिए विभिन्न जिलों में बैठकें की जा रही हैं। मगर पिछले कुछ दिनों से जिस रफ्तार से कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है, उससे हर कोई चिंतित है। पॉजिटिव पाए जा रहे लोगों में विद्यार्थियों, शिक्षकों की संख्या भी काफी है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह, वाइस चेयरमैन वीपी यादव, सचिव राजीव प्रसाद वीरवार को इस पर मंथन करेंगे। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी।
ऑनलाइन परीक्षाएं भी नहीं संभव
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ऑनलाइन परीक्षाएं भी संभव नहीं है। इसका कारण विद्यार्थियों की अधिक संख्या और अधिकतर परीक्षार्थी ग्रामीण क्षेत्र से होना। बोर्ड परीक्षाओं के लिए 667234 परीक्षार्थियों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इतनी संख्या में विद्यार्थियों की ऑनलाइन परीक्षा संभव नहीं है। हालांकि ये व्यवस्थाएं जांचने के लिए बीते वर्ष बोर्ड की ओर से कोरोना पर ऑनलाइन परीक्षा करवाई थी। इसके लिए 1.28 लाख विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया, मगर परीक्षा में सिर्फ 28 हजार ही शामिल हुए।
वर्जन-
सीबीएसई का फैसला वहां के शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया है। हम भी इस संदर्भ में बैठक करेंगे मगर अंतिम फैसला शिक्षा मंत्री और प्रदेश सरकार को ही लेना है। जिस तरह कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है, उसे लेकर बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावकों में चिंता है।
- राजीव प्रसाद, सचिव हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड