राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थी अपने सीटिंग प्लान देखते ?
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से मंगलवार को करवाई गई सीनियर सेकेंडरी पूरक परीक्षा (कंपार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार व अतिरिक्त विषय) में भिवानी में 16 परीक्षा केंद्रों पर करीब 3550 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान आठ परीक्षार्थी ऐसे मिले, जो किसी अन्य की जगह परीक्षा दे रहे थे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद ने उन्हें पकड़ा। संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सीनियर सेकेंडरी पूरक परीक्षा के लिए दोपहर 12 बजे ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों के बाहर जुटने लगे थे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को सैनिटाइज किए जाने के बाद ही प्रवेश मिला। मास्क भी सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य किया गया। मास्क और सैनिटाइज करने के बाद स्कूल गेट के पास ही परीक्षार्थियों की चेकिंग की गई। रोल नंबर-आधार कार्ड की कॉपी की भी जांच की गई। बोर्ड परीक्षा के दौरान फ्लाइंग टीम के निरीक्षण के चलते अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद स्वयं भिवानी जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 18 नकलचियों को पकड़ा। इनमें आठ केस प्रतिरूपण के रहे। बोर्ड सचिव के अलावा बोर्ड अध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों ने भी जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पूरे तीन घंटे फ्लाइंग के निरीक्षण के कारण परीक्षार्थी सहमे रहे। परीक्षा के बाद कुछ परीक्षार्थियों के चेहरे खिले तो कुछ के मायूस।