जूई में घटनास्थल पर घायल के परिजनों से जानकारी लेते थाना प्रभारी दलबीर सिंह।
- फोटो : Bhiwani
कस्बा जुईकलां पुलिस थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल के संचालक पर आधी रात को कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी युवकों ने होटल मालिक की बेरहमी से पिटाई की। आरोपी होटल मालिक को सड़क पर अधमरा कर फरार हो गए। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ भी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से जख्मी होटल मालिक को भिवानी जिला सामान्य अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इसके बाद उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया।
कस्बा जुईकलां में होटल मालिक संजय सैन के भाई सोनू ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी तो घायल संजय ही बता पाएगा, लेकिन जो बात अब तक सामने आई है उसके मुताबिक रविवार दिन में दो गुटों की होटल पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। मामला गंभीर होता देख संजय ने दोनों गुटों के युवाओं को होटल से बाहर निकाल दिया था। रात में संजय सो रहा था कि एक गुट के युवाओं ने आकर उस पर हमला बोल दिया। उन्होंने संजय को बुरी तरह पीटा और मरा समझ छोड़ गए थे। सड़क से गुजर रहे दो युवकों ने मारपीट की घटना को देखा। लेकिन युवक ज्यादा होने के चलते बीच में नहीं पड़े। मारपीट करने वाले युवा जब चले गए, तब उन्होंने संजय को अपने वाहन से भिवानी के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे रोहतक रेफर कर दिया। इसके बाद संजय को भिवानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया और घरवालों को सूचना दी। घरवाले भिवानी अस्पताल में पहुंचे और उसका इलाज शुरू करवाया।
थाने से महज 100 मीटर दूरी पर हुई दोनों घटनाएं : जुई कलां स्थित थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर होटल है। होटल पर दिन में युवकों के बीच हाथापाई हुई थी। उन्हीं में से एक गुट के युवकों ने रात में होटल मालिक संजय सेन पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस घटना के लगभग आठ घंटे बाद मौका पर पहुंची और मौका मुआयना कर हमले में शामिल लोहे की राड, डंडे और लाठियों को कब्जे में लिया। अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल कर रही है।
मामला अभी साफ नहीं है। जांच कर रहे हैं। होटल मालिक से बयान लेने के लिए पुलिस कर्मचारी भिवानी भेजे गए हैं। दिन में भी कहासुनी हुई है। असल मामला क्या है जांच में ही पता चल सकेगा।
- दलबीर सिंह, जुई थाना प्रभारी