भिवानी। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से यूजी कोर्सों में खाली बची हुई सीटों पर दाखिले के लिए बुधवार को एक दिन के लिए पोर्टल खोला गया था। इसमें यूजी कोर्सों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के दाखिले किए गए। अंतिम दिन 35 विद्यार्थियों ने दाखिला करवाया।
दरअसल, यूजी कोर्सों में दाखिले के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से चार से पांच बार दाखिले के लिए अंतिम तिथि बढ़ाई गई थी। लेकिन उसके बाद भी जिले के सभी महाविद्यालयों में यूजी कोर्सों में सीटें खाली रह गई थीं। ज्यादातर सीटें साइंस स्ट्रीम में खाली रह गई थी।
वहीं कला संकाय में लगभग सभी महाविद्यालयों में सीटें भरी गई थीं। विभाग की ओर से पिछली बार दाखिलों के लिए अंतिम तिथि 12 सितंबर तक बढ़ाई गई थी। इसके बाद किसी भी कारणवश दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों की मांग थी कि दाखिले के लिए पोर्टल फिर से खोला जाए। दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा बुधवार को एक दिन के लिए दाखिला पोर्टल खोला गया। इसका लाभ उठाते हुए अंतिम दिन 35 विद्यार्थियों ने दाखिला करवाया।