सीबीएलयू में आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देतीं कलाकार।
भिवानी। हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय और संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज की ओर से आयोजित सात दिवसीय विरासत कला उत्सव का रविवार को समापन हुआ। समापन समारोह में हरियाणवी, राजस्थानी, पंजाबी सहित विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह का आयोजन कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के दिशा-निर्देशन और एनसीजेडसीसी प्रयागराज के निदेशक डॉ. सुदेश शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सात दिवसीय उत्सव के संयोजक डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक रहे। अंतिम दिन लोक कलाकारों ने हरियाणवी, राजस्थानी और पंजाबी लोकनृत्यों के साथ भांगड़ा, गिद्दा और घूमर की प्रस्तुतियां दीं।
हरियाणा दिवस के अवसर पर हरियाणवी संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अनेकता में एकता का संदेश दिखाई दिया। कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने कहा कि यह उत्सव ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. वेदप्रकाश, डॉ. मुकेश यादव, डॉ. अनीता नाथ, डॉ. दीपक अनेजा, डॉ. लखा सिंह और डॉ. सोनल शेखावत मौजूद रहे।