भिवानी। मुंढाल पुलिस चौकी और ईआरवी पर तैनात कर्मचारियों पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट करने और चौकी में चमड़े के पट्टे से थर्ड डिग्री देने का आरोप लगा है। घायल युवक जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है और उसने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक को ई-मेल से शिकायत भेजी है।
मुंढाल खुर्द निवासी 33 वर्षीय जयभगवान ने बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे वह दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था। केक काटने के बाद वह कुछ युवकों के साथ बैठकर हुक्का पीने लगा। इसी दौरान किसी ने शरारत कर दी। पास बैठे एक युवक ने शक के आधार पर उसकी आंख पर मुक्का मार दिया। जयभगवान ने बताया कि उसने कुछ नहीं करने की बात कही तो युवक ने दूसरा मुक्का भी मार दिया। आंख के ऊपर चोट लगने से खून निकलने लगा तो वह घर आ गया।
जयभगवान के अनुसार उसने पत्नी के फोन से डायल 112 पर सूचना दी। ईआरवी मौके पर पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे चौकी ले गई। आरोप है कि रास्ते में ईआरवी कर्मचारियों ने उसके साथ बदसलूकी की। चौकी पहुंचने पर उसे एक कमरे में ले जाया गया जहां ईआरवी कर्मचारियों ने उसके हाथ पीछे पकड़ लिए और चौकी में तैनात दो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। उसने पुलिसकर्मियों पर चमड़े के पट्टे से थर्ड डिग्री देने का भी आरोप लगाया।
युवक ने अपनी पीठ और बाजू पर चोटों के निशान दिखाए। उसने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे चौकी लाया गया था लेकिन पुलिस ने उसी के साथ मारपीट की। कुछ देर बाद उसके मामा चौकी पहुंचे तो उसने उन्हें पुलिसकर्मियों की कथित करतूत बताई। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जयभगवान ने बताया कि दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गलतफहमी के कारण उसके साथ मारपीट हुई थी। उसका आरोप है कि पुलिस ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय चौकी में उसके साथ ही गलत व्यवहार किया।
पुलिस अधीक्षक को भेजी ई-मेल से शिकायत
शिकायतकर्ता जयभगवान ने ई-मेल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजकर ईआरवी और चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों पर मारपीट तथा थर्ड डिग्री देने के आरोप लगाए हैं। उसने शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाए हैं।
मेरे संज्ञान में फिलहाल ऐसा कोई मामला नहीं आया है। शिकायतकर्ता की तरफ से कोई शिकायत हमारे समक्ष आती है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे उस पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। -महेश कुमार, डीएसपी मुख्यालय, भिवानी।