भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल परिसर स्थित वार्डों में छज्जों पर कचरे के ढेर लगे हैं। कूड़ेदान रखे होने के बावजूद कई मरीज और उनके तीमारदार खिड़की से बाहर छज्जों पर सूखा और गीला कचरा डाल रहे हैं। दिखने पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ऐसा करने की सख्त चेतावनी भी दे रहे हैं। इसके बावजूद छज्जों पर कचरे की परत दर परत जमा हो चुकी है। इसकी वजह से बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी है। क्योंकि इन हिस्सों में न तो सफाई होती है और न ही यहां से कचरा उठा पाना संभव हो पा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिला नागरिक अस्पताल में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की है। ये सफाई कर्मचारी वार्डों में तो सफाई कर रहे हैं, लेकिन बाहरी हिस्से की खिड़कियों की तरफ बने छज्जों पर ध्यान नहीं दे पाते जबकि मरीज और उनके साथ आने वाले परिजन खिड़की से कचरा फेंक देते हैं जो छज्जों पर ही अटका रहता है।
अस्पताल के मुख्य भवन को थामने के लिए बाहर की तरफ बड़े पिलर बने हैं, इन पिलरों के बीच की दूरी को पाटने के लिए छज्जा बनाया गया है। वहां पड़ा कूड़ा काफी अर्से तक पड़ा रहता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सफाई कर्मचारियों को इन हिस्सों की नियमित सफाई की हिदायतें देकर मरीजों और तीमारदारों को ऐसा करने से स्पष्ट मना कर चुके हैं। इसके लिए पर्चे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो पा रहा है।