भिवानी। होली और दुल्हंडी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। संभावित झगड़ों और दुर्घटनाओं को देखते हुए आपात विभाग में स्पेशल वार्ड बनाया गया है तथा रेपिड एक्शन टीम को अलर्ट पर रखा गया है।
हर वर्ष होली के दौरान कुछ स्थानों पर लड़ाई-झगड़े के मामले सामने आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने दुल्हंडी के दिन अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। आपात विभाग में एक विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ दो नॉन-विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और अन्य स्टाफ को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रेजिडेंशियल मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष श्योराण ने बताया कि दुल्हंडी वाले दिन अधिक से अधिक बेड खाली रखे जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में घायलों को तुरंत बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेपिड एक्शन टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएगी।