कैरू। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली निगम की अपने बकायादारों के खिलाफ वसूली को लेकर लगातार सख्ती की जा रही है। इसमें सरकारी संस्थान भी नहीं बख्शे जा रहे हैं। गांव देवराला स्थित सेठ सोहनलाल सिविल अस्पताल व सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक देवराला का बिजली कनेक्शन काट दिया। बिजली गुल रहने से अस्पताल में मरीज बेहाल रहे और ग्रामीण बैंक में भी कामकाज ठप रहा।
लंबे समय से बिजली बिल बकाया होने पर निगम के लाइनमैन ने शुक्रवार सुबह बिजली का कनेक्शन काट दिया। बिजली विभाग के लाइनमैन रितिक उर्फ राजकुमार ने बताया कि सरकारी संस्था बिल भरने में संकोच करते है जबकि संस्थानों में काफी बजट उपलब्ध होता है बिजली बिल भरना उनको याद ही नहीं रहता। मीटर उखाड़ने की कार्रवाई के बाद देर शाम तक बकायादार बिजली बिल भरने लगे। बिल भरने के बाद वापस मीटर लगाए गए।
सेठ सोहनलाल सिविल अस्पताल देवराला का लगभग डेढ़ वर्ष का लगभग 25 हजार रुपये बिल बकाया है जोकि अधिक राशि भी नहीं है। फिर भी बिल नहीं भरा जा रहा है। सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक का लगभग 40 हजार रुपये का बकाया बिल है। बिल के लिए काफी बार निगम नोटिस कर चुका है। इसके बावजूद बिल नहीं भरा गया था।