संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। रेलवे जंक्शन के महज 200 मीटर दूर रेल ट्रैक पर हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना 12 सितंबर शाम की है।
जीआरपी चौकी भिवानी को भिवानी रेलवे स्टेशन से सूचना मिली थी कि बीटीएम मिल के पीछे रेल ट्रैक के बीच एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। शव के पास मिले पर्स के अंदर हरियाणा पुलिस का आई कार्ड बरामद हुआ।
आई कार्ड के हिसाब से मृतक की पहचान हेड कांस्टेबल 40 वर्षीय अमित कुमार निवासी लाजपत नगर खड़कड़ी फाटक भिवानी के रूप में हुई। अमित कुमार की तैनाती थाना शहर भिवानी ईआरवी पर थी। वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद रेलवे ट्रैक पार कर घर की ओर जा रहे थे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बारिश के कारण पैर फिसलने से वह रेलवे ट्रैक पर गिर गए और इसी दौरान किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अमित के भाई प्रदीप ने बताया कि अमित कुमार के दो बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा 15 वर्ष और छोटा बेटा 13 वर्ष का है।
अमित कुमार के पिता भी हरियाणा पुलिस की जीआरपी यूनिट में तैनात रहे थे। वर्ष 2005 में उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अमित कुमार को नौकरी मिली थी। अमित कुमार पहले पलवल जिले में तैनात थे। कुछ समय पहले उनका तबादला भिवानी जिले में हुआ था।
वह थाना शहर भिवानी में तैनात थे। जीआरपी पुलिस ने अमित के भाई प्रदीप कुमार, मामा के बेटे पवन कुमार तथा मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं।
शहर थाना पुलिस भिवानी के प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि अमित तीन महीने पहले पलवल से तबादला होकर भिवानी आए थे। 10-15 दिन से वह सिटी थाना के तहत डायल-112 की गाड़ी पर तैनात थे।
शनिवार शाम को अमित अपनी ड्यूटी खत्म होने पर अपने लाजपत नगर स्थित घर जा रहे थे। घर के पास में रेलवे ट्रैक है। रेलवे ट्रैक पार करते समय अमित की रेल की चपेट में आने से मौत हुई है।
रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि अमित के भाई के भाई प्रदीप के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।