भिवानी। सीआईए द्वितीय की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए अनूप, निवासी वार्ड नंबर 7, बवानीखेड़ा को 24 ग्राम 71 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर हांसी से बवानीखेड़ा की ओर मादक पदार्थ लेकर आ रहा था, जिसे पुलिस ने सिकंदरपुर के पास दबोच लिया।
शनिवार को सीआईए द्वितीय के सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ गांव मिलकपुर में गश्त व पड़ताल ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में हांसी से बवानीखेड़ा की ओर आ रहा है जिसके पास मादक पदार्थ हेरोइन है। सूचना के आधार पर टीम ने सिकंदरपुर के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 24 ग्राम 71 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह मादक पदार्थ गांव सिसाय से 25,000 रुपये में खरीदा था और इसे बेचने के इरादे से ला रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि आगे की जांच में और खुलासे हो सकें। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।