भिवानी। जिले में बृहस्पतिवार को रोडवेज बसों का कहर रहा। लेघा हेतवान गांव में रोडवेज बस ने एक बाइक सवार फैक्ट्री कर्मचारी को कुचल दिया वहीं शहर के हालुवास गेट पर एक ऑटो को टक्कर मारी, जिसमें तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फैक्ट्री जा रहे कर्मचारी को कूचल, एक की मौत, एक घायल
रोडवेज बस का पहला हादसा लेघा हेतवान गांव में हुआ। जहां बाइक सवार दो फैक्ट्री कर्मचारियों में से एक को बस ने कुचल दिया, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा सुबह करीब सवा सात बजे हुआ। भानगढ़ वासी सोहनपाल उर्फ सुरेंद्र(25) व उसका साथी राहुल बाइक से फैक्ट्री जा रहे थे। दोनों घी फैक्ट्री में काम करते है। जब वे लेघा हेतवान गांव से बहल-भिवानी मार्ग पर आए तो एक रोडवेज बस ने बाइक को सीधी टक्कर मारी। सोहनलाल को बस ने कुचल दिया।। घायल राहुल ने बताया कि सोनलाल का सिर बस के अगले टायर के नीचे आ गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मामले में कैरू चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि राहुल के बयान पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों केा सौंप दिया गया है।
ऑटो को उड़ाया, तीन गंभीर
सुबह सवेरे हालुवास गेट अनाज मंडी ओवरब्रिज के पास एक ऑटो भी रोडवेज बस का शिकार हुआ। स्कूटी हटने के इंतजार में खड़े ऑटो को ओवरब्रिज से आ रही बस ने टक्कर मारी, जिससे ऑटो के परखचे उड़ गए। ऑटो चालक पालुवास वासी जयभगवान, यात्री गुलशन व पिंटू घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले जाया गया। पिंटू के सिर व चेहरे पर चोट आई जबकि जयभगवान को भी ज्यादा चोट आई। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। मामले में दिनोद गेट चौकी से एएसआई आनंद कुमार व सत्यवान ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
लग गया लंबा जाम
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो व बस दोपहर डेढ़ बजे तक यानी करीब चार घंटे सड़क के बीच ही रही। मुख्य मार्ग होने के चलते यहां वाहनों का लंबा जाम लग गया। ओवरब्रिज से ऑटो मार्केट से तक वाहन ही वाहन नजर आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर भी हनुमान गेट तक वाहनों की कतार लगी थी। लोग खासे परेशान रहे।